Varanasi:भीषण गर्मी के बीच नगर निगम की अनोखी पहल,शहर के चार चौराहों पर ग्रीन पर्दे से छांव की व्यवस्था
Varanasi : वाराणसी में गर्मी का भीषण सितम जारी है.पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और आसमान से आग भी बरस रही है.प्रचंड गर्मी से राहत के लिए वाराणसी नगर निगम ने बड़ी पहल की है.पहली बार काशी के प्रमुख चौराहों पर नगर निगम की ओर से ग्रीन पर्दे से छांव की व्यवस्था की जा रही है.इसके अलावा गोदौलिया चौराहे पर फव्वारा भी लगाया जाएगा.जिससे 24 घण्टे ठंडे पानी का छिड़काव आने जाने वाले राहगीरों पर किया जाएगा.
फिलहाल वाराणसी के रथयात्रा चौराहे से इसकी शुरुआत हुई है.रथयात्रा चौराहे को दो मोड़ पर 50 फीट लंबे पर्दे से छांव की व्यवस्था की गई है.नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के रथयात्रा,सिगरा,मलदहिया और लंका चौराहे पर पर्दे के जरिए छांव की व्यवस्था की जा रही है.इससे लोगों को हीट वेव से बचने में राहत मिलेगी.उन्होंने बताया कि इसके लिए स्प्रिंकल गाड़ियों से ठंडे पानी का छिड़काव भी लगातार कराया जा रहा है.इसके अलावा जगह जगह पेयजल की व्यवस्था भी नगर निगम की ओर से प्रमुख चौराहों पर की जा रही है.
लोगों को बड़ी राहत
बातचीत में राजू ने बताया कि नगर निगम के इस कदम से हर दिन चौराहों से गुजरने वाले राहगीरों को गर्मी से राहत मिल रही है.इसके अलावा काशी आने वाले पर्यटक को भी इससे सीधे तौर पर फायदा है.वहीं प्रशांत ने बताया कि इस वक्त गर्मी अपनी प्रचंडता पर है इससे उन राहगीरों को सीधा फायदा है जो रेड सिंगलन पर 35 से 45 सेकेंड तक तपती धूप के नीचे खड़े रहते थे.ऐसी व्यवस्था शहर के सभी चौराहों पर होनी चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सकें.
घाट से सड़क तक सन्नाटा
सड़को के अलावा घाटों पर भी नगर निगम की ओर से ऐसे इंतजाम किए गए हैं.ताकि पूजा अनुष्ठान करने वाले श्रद्धालु और पर्यटकों को भी राहत मिलें.बताते चलें कि दिन की शुरुआत के साथ ही काशी के घाटों पर सन्नाटा पसरा दिख रहा है.ऐसा ही हाल दोपहर के वक्त शहर के अधिकांश सड़को का भी है.
admin