Mahashivratri 2026:महाशिवरात्रि पर रात भर जगेंगे बाबा विश्वनाथ,लगातार चलेगा दर्शन का दौर,ये है तैयारी

Mahashivratri 2026:महाशिवरात्रि पर रात भर जगेंगे बाबा विश्वनाथ,लगातार चलेगा दर्शन का दौर,ये है तैयारी

वाराणसी l नाथों के नाथ बाबा विश्वनाथ के शहर बनारस में महाशिवरात्रि को लेकर खासा उत्साह देखने को मिलता है.इस दिन काशी में शिवभक्तों का रेला लगा रहता है.महाशिवरात्रि में पर बाबा विश्वनाथ अपने भक्तों के लिए पूरी रात जगेंगे और दर्शन का क्रम लगातार 36 घण्टे से ज्यादा देर तक जारी रहेगा.इस दौरान आरती के समय में भी कुछ बदलाव किए गए है.

15 फरवरी को बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती रात 2 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगी और 3 बजकर 15 मिनट तक चलेगा.इसके बाद 3 बजकर 30 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए बाबा का कपाट खोला जाएगा.इसके बाद अनवरत दर्शन का दौर जारी रहेगा.महाशिवरात्रि पर बाबा विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार भी होगा और बाबा दूल्हा स्वरूप में नजर आएंगे.

झांकी दर्शन की व्यवस्था

काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि महाशिवरात्रि पर 5 प्रवेश द्वार से भक्तों को धाम में प्रवेश मिलेगा.इस दौरान भक्त दूर से ही बाबा विश्वनाथ का झांकी दर्शन और अभिषेक कर सकेंगे.

स्पर्श दर्शन पर रोक

किसी भी भक्त को मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं है और स्पर्श दर्शन पर भी पूरी तरह से रोक लगाई गई है.इसके अलावा भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सभी तरह के प्रोटोकॉल दर्शन को भी स्थगित कर दिया है.भक्त सिर्फ लाइन में खड़े होकर भी बाबा दरबार तक जा सकेंगे.

10 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना

काशी विश्वनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर करीब 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की संभावना है.इन श्रद्धालुओं का स्वागत भी मंदिर में खास तरीके से किया जाएगा. धाम में शिवभक्तों पर फूल भी बरसाएं जाएंगे.इसके अलावा मंदिर के सेवादार भक्तों के सेवा के लिए पूरे दिन धाम परिसर में तैनात रहेंगे.वहीं धाम में फिलहाल जिग जैक बैरिकेडिंग भी लगाई गई है.इसके अलावा 24 घण्टे इमरजेंसी सेवाओं के लिए भी धाम क्षेत्र में डॉक्टरों की तैनाती रहेगी.