डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच वाराणसी में टैक्सी किराये में बढ़ोतरी
वाराणसी। डीजल-पेट्रोल एवं अन्य खर्चों में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए वाराणसी टूरिज्म एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को होटल त्रिदेव ग्रैंड में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से टैक्सी किरायों में 2 रुपये प्रति किलोमीटर की वृद्धि तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्णय लिया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रणय रंजन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत कई दिनों से विभिन्न टैक्सी संगठनों के साथ विचार-विमर्श और बैठकों के बाद यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 के बाद पहली बार किरायों में वृद्धि की जा रही है, जबकि इस दौरान महंगाई कई गुना बढ़ चुकी है।
नई दरों के अनुसार अब डिजायर का किराया 13 रुपये प्रति किमी, एर्टिगा 16 रुपये, क्रिस्टा 20 रुपये, टेम्पो ट्रैवलर 30 रुपये तथा अर्बनिया 35 रुपये प्रति किमी की दर से संचालित होंगी। हालांकि न्यूनतम रनिंग किलोमीटर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पहले की तरह लोकल यात्रा के लिए 200 किमी तथा आउटस्टेशन के लिए 250 किमी प्रतिदिन की बिलिंग लागू रहेगी।
बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा टैक्सी वाहनों पर अचानक लागू किए गए वन टाइम टैक्स का भी विरोध किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा सभी नई एवं पुरानी टैक्सियों पर एकमुश्त 15 वर्षों का रोड टैक्स जमा करने का आदेश टैक्सी संचालकों के लिए आर्थिक बोझ बन गया है। 3-4 वर्ष पुरानी गाड़ियों पर भी तत्काल 1 से 2 लाख रुपये तक टैक्स जमा करने की बाध्यता अन्यायपूर्ण है।
एसोसिएशन ने कहा कि पूरे प्रदेश में इस नीति के खिलाफ विरोध जारी है और कई स्थानों पर टैक्सियां खड़ी हो रही हैं, क्योंकि एकमुश्त इतनी बड़ी राशि जमा करना अधिकांश टैक्सी मालिकों के लिए संभव नहीं है। इस मुद्दे को लेकर जल्द ही प्रदेशव्यापी आंदोलन किए जाने की भी चेतावनी दी गई।
बैठक में राम पांडेय, रौनक शर्मा, गौरव रुपानी, अरुण सिंह, सतीश सिंह, शानू राय, प्रकाश सिंह, बच्चा सिंह, राका यादव सहित सैकड़ों टैक्सी संचालक उपस्थित रहे।
admin